टिहरीनवीनतमहादसा

दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर की चपेट में आई कार, भाई-बहन की मौत; दो युवतियां गंभीर

ख़बर शेयर करें -

मालाकुंठी के पास हुआ भीषण हादसा, कार का अगला हिस्सा डंपर के नीचे घुसा; एम्स ऋषिकेश में चल रहा घायलों का उपचार

श्रीनगर/टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में बदरीनाथ हाईवे पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा मालाकुंठी के पास हुआ, जहां ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही स्विफ्ट कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डंपर के नीचे जा घुसा। हादसे में घायल दोनों युवतियों का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Ad Ad

जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में चार लोग सवार होकर ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे डंपर संख्या यूके-08सीए-4949 से कार की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डंपर के नीचे फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ब्यासी चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकाले गए चारों लोग

कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया था। मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। आवश्यक उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे एक युवक और तीन युवतियों को बाहर निकाला गया। सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल एम्स ऋषिकेश भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान कार चालक ऋषभ सेमवाल (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24) ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल सुहानी (20), निवासी कीर्तिनगर और ईशानी (20), निवासी श्रीनगर का एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भाई-बहन की मौत से डांग क्षेत्र में पसरा मातम

मृतक ऋषभ और रक्षा सेमवाल श्रीनगर के डांग क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों भाई-बहन की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित एक अस्पताल में लैब टेक्निशियन के रूप में कार्यरत थीं। वहीं ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता (जेई) के साथ कार्य कर रहे थे। उनके पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए जा रहे हैं।

डंपर चालक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। फिलहाल मामले में तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार तहरीर प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे से श्रीनगर के डांग क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत ने परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।