चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण मामले में चम्पावत में भी गरमाई सियासत, कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर

ख़बर शेयर करें -

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में लोहाघाट थाने पहुंचे कार्यकर्ता, भाजपा नेताओं पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग

लोहाघाट/चम्पावत। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित मंच शुद्धिकरण को लेकर चम्पावत जिले में भी राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोहाघाट थाने पहुंचे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने आरोप लगाया कि भाजपा एक ओर खुद को दलितों का हितैषी बताती है, जबकि दूसरी ओर जातिवाद को बढ़ावा देने वाले कृत्यों का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अनुसूचित वर्ग से आते हैं और हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद मंच का कथित तौर पर शुद्धिकरण किया जाना भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस घटना से अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों का सार्वजनिक रूप से अपमान हुआ है, जिसे देश और प्रदेश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

Ad Ad

2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी : कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान को कथित तौर पर अपवित्र बताकर शुद्धिकरण के नाम पर यज्ञ कराने और गंगाजल छिड़कने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से एससी-एसटी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के इस कथित कृत्य का जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी और वर्ष 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने घटना से किनारा करते हुए कहा है कि यदि किसी संगठन ने वहां हवन या कोई अनुष्ठान किया है तो यह उनका निजी मामला है और पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के उस कथित बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने मंच की सफाई और शुद्धिकरण को गलत नहीं बताया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित शुद्धिकरण को सही ठहराना संविधान की भावना और एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों के विपरीत है। उन्होंने पुलिस से मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता की हनक दिखा रही है। उनका कहना था कि जिन लोगों के खिलाफ इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए थी, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बजाय कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ऐसे कथित झूठे मुकदमों से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस ने उनकी तहरीर पर उचित कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी। तहरीर देने वालों में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री मोहन सिंह ढेक, कांग्रेस जिला प्रवक्ता शैलेंद्र राय, हरीश राय, जीवन सिंह बिष्ट, आशीष बिष्ट, लोकेश पांडे, पवन ढेक, अनिल कुमार, विनोद महरा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। हल्द्वानी के मंच शुद्धिकरण को लेकर अब चम्पावत में भी आमने-सामने आए कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।