दर्दनाक सड़क हादसा: तीन बाइकों की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत, पीछा कर रहा पुलिसकर्मी गंभीर घायल
पुलिस से बचने के दौरान हुआ हादसा!, पुलिस ने कहा सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। डांडी चौक पर तीन मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस चेतक बाइक पर सवार एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकारी

पुलिस के अनुसार सोमवार शाम पथरी क्षेत्र के डांडी चौक पर यह दुर्घटना हुई। फेरूपुर निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार अपनी मोटरसाइकिल से डांडी चौकी की ओर जा रहे थे। इसी समय उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के हौजखेड़ी निवासी 22 वर्षीय अजय भी बाइक से उसी मार्ग पर पहुंचा। उधर पुलिस चेतक बाइक पर कांस्टेबल सुशील कुमार भी गश्त के दौरान चौराहे की ओर आ रहे थे। चौराहे पर पहुंचते ही तीनों मोटरसाइकिलें आपस में भीषण रूप से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से बचने के दौरान हुआ हादसा …
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गश्त के दौरान कांस्टेबल सुशील कुमार और उनके साथी चेतन ने एक बाइक सवार युवक को रोकने का संकेत दिया था। लेकिन युवक तेज रफ्तार से भागने लगा। संदेह होने पर कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा शुरू किया। भागते समय एक मोड़ पर आरोपी युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से पहुंची पुलिस चेतक बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से जा भिड़ी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मनोज कुमार और अजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं कांस्टेबल सुशील कुमार के पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान फेरूपुर निवासी मनोज कुमार और सहारनपुर के हौजखेड़ी निवासी अजय के रूप में की है. थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मनोज कुमार पतंजलि में कार्यरत था। वहीं अजय के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस से बचने की कोशिश और तीनों बाइकों की टक्कर के वास्तविक कारणों की भी विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पथरी क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ओर दो परिवारों ने अपने बेटों को खो दिया, वहीं ड्यूटी के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मी का उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

