संकट की घड़ी में चम्पावत पुलिस का मानवीय चेहरा, खाई में गिरे घायलों का सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल
50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चम्पावत पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन; घायलों को सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल
चम्पावत। चम्पावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शीशनगर (चल्थी) के पास सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चम्पावत पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार सोमवार, 13 जुलाई 2026 को स्थानीय लोगों ने चल्थी चौकी पुलिस को सूचना दी कि शीशनगर के पास कार संख्या UK 03 A 2492 सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश कठायत के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर वाहन चालक रोहित सिंह पुत्र राम सिंह बोरा सहित अन्य सवार घायल अवस्था में मिले। दुर्घटना में कुछ लोगों को सामान्य जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते घायलों को चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
इस रेस्क्यू अभियान में उपनिरीक्षक राकेश कठायत, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र, कांस्टेबल कमल नाथ, कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल चंद्र सिंह शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

