क्राइमदेशनवीनतम

अंकित बालियान हत्याकांड में एनकाउंटर, सोनीपत के दो शूटर ढेर

ख़बर शेयर करें -

सुमित और मोहित पर था 50-50 हजार रुपये का इनाम, गोगी गैंग से जुड़े होने का दावा; मोहित की मौत की खबर से परिवार में पसरा मातम

सोनीपत/शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के सोनीपत निवासी दो कथित शूटरों का एनकाउंटर किया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस उन्हें कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े शूटर बता रही है। इनमें मोहित सोनीपत के बेयापुर खुर्द गांव का रहने वाला था। उसके एनकाउंटर में मारे जाने की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

मोहित और सुमित दोनों सोनीपत जिले के रहने वाले थे। मोहित के परिवार के मुताबिक, वह महज नौवीं कक्षा के बाद ही अपराध की दुनिया की ओर बढ़ने लगा था। शुरुआत में दोस्तों के साथ हुए विवाद के एक मामले में वह जेल गया था। इसके बाद पैरोल पर बाहर आने के बाद उसने अपना गांव बेयापुर खुर्द छोड़ दिया था।

Ad Ad

छह महीने से घर से था लापता

परिजनों के अनुसार, मोहित पिछले करीब छह महीने से घर से लापता था। इस दौरान परिवार को उसके ठिकाने और गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। परिवार का कहना है कि कुछ समय पहले तक मोहित खुद को सुधारने की बात करता था, लेकिन उसके आसपास रहने वाले दोस्तों के प्रभाव के कारण वह अपराध की दुनिया से बाहर नहीं निकल सका।

मोहित की मां ने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि वह एक दिन गलत रास्ता छोड़कर वापस लौट आएगा, लेकिन उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। बेटे के एनकाउंटर में मारे जाने की सूचना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान हत्याकांड की जांच के दौरान सुमित और मोहित की भूमिका सामने आई थी। दोनों को कथित तौर पर हत्या में शामिल शूटर बताया जा रहा था। पुलिस ने दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। हालांकि, एनकाउंटर और हत्याकांड में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।