क्राइमनवीनतमनैनीताल

कार खरीदने के लिए पड़ोसी के घर से चुराए 12 तोला सोने के जेवर, युवक गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

15 लाख से अधिक कीमत के आभूषण चोरी करने का आरोप, पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद किया पूरा सोना; चोरी का माल बेचकर कार खरीदने की थी योजना

भवाली/नैनीताल। उत्तराखंड में चोरी की घटनाओं के बीच नैनीताल जिले के भवाली से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही पड़ोसी के घर से करीब 12 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी किए गए जेवरों की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में गांव के ही 20 वर्षीय युवक जितेंद्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषण बेचकर कार खरीदने की फिराक में था।

जानकारी के अनुसार, भवाली के गैराड़ी गांव निवासी जितेंद्र सिंह लटवाल ने कथित तौर पर कार खरीदने के लिए चोरी की साजिश रची। इसके तहत उसने अपने पड़ोस के घर को निशाना बनाया और वहां रखे करीब 12 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए। 29 अगस्त 2026 को पीड़िता उमा लटवाल पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह लटवाल ने पुलिस को तहरीर देकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने की शिकायत की।

Ad Ad

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 33/2026, धारा 305 BNS के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी शुरू की और गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही युवक जितेंद्र सिंह लटवाल पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूछताछ में उसने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 12 तोला सोने के आभूषण बरामद कर लिए।

चोरी का सोना बेचकर कार खरीदना चाहता था

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कार खरीदने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। उसका इरादा चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचकर कार खरीदने का था। आरोपी से चोरी का माल बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।