उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक शैलेन्द्र रावत ने फिर थामा भाजपा का दामन

Ad
ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के पूर्व विधायक शैलेन्द्र रावत ने कांग्रेस का हाथ छोड़ फिर से भाजपा में घर वापसी कर ली है। पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई। साथ ही उनके साथ कई साथी भी भाजपा में शामिल हुए। वहीं, इसके बाद अब कोटद्वार से मेयर के टिकट की आस लगाये बैठे नेताओं को अंदरखाने बेचैनी बढ़ गई है। बता दें कि शैलेन्द्र रावत साल 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर यमकेश्वर से लड़े थे और दोनों बार जनता ने उन्हें नकार दिया। तब से शैलेन्द्र के समर्थक लगातार उनकी भाजपा में वापसी के प्रयास कर रहे थे।

Ad

साल 2003 में दुगड्डा के ब्लॉक प्रमुख बने शैलेन्द्र रावत भाजपा के टिकट पर 2007 में कोटद्वार से विधायक चुने गये थे। तब कांग्रेस के बड़े नेता माने जाने वाले सुरेन्द्र सिंह नेगी को उन्होंने शिकस्त दी थी। उसके बाद साल 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के दिग्गज जनरल बीसी खंडूरी को कोटद्वार से टिकट मिला लेकिन कांग्रेस के सुरेन्द्र सिंह नेगी ने खंडूरी को हरा दिया। हार का ठीकरा शैलेन्द्र रावत पर फूटा और भाजपा ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। हालांकि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी भाजपा में वापसी हुई, लेकिन इसके बाद 2017 में भाजपा ने टिकट नहीं दिया। जिससे नाराज शैलेन्द्र रावत ने कांग्रेस के टिकट पर यमकेश्वर से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। 2022 का चुनाव भी यमकेश्वर से ही लड़े, लेकिन फिर पराजित हुए। अब वे एक बार फिर भाजपा में शामिल हुए हैं। पूर्व विधायक समेत कई अन्य ने भी भाजपा का दामन थामा है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा आज देश का राजनैतिक माहौल भाजपामय है, जिसे ऐतिहासिक जीत में तब्दील कर हमें विकास पुरुष नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है। साथ ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा आज पार्टी में शामिल होने वालों का सैलाब बताता है कि राज्य की पांचों सीट दुगने मतों से जीतने के साथ इस बार 400 आंकड़ा हम पार करने जा रहे हैं । पार्टी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस समेत विभिन्न पार्टियों से शामिल तमाम राजनैतिक कार्यकर्ताओं का माला एवं पटका पहना कर स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट और सीएम प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित कैबिनेट मंत्री जोशी ने पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेंद्र रावत, केदारनाथ से कुलदीप रावत, राजेंद्र कंडारी, देवप्रयाग पंचायत अध्यक्ष कृष्णकांत कोठियाल, प्रमुख जयपाल पंवार, रुद्रप्रयाग जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी के साथ पुरोला, घनसाली, टिहरी, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ के तमाम लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया।

Ad