‘आदर्श चम्पावत’ की ओर एक और कदम, लोहाघाट में सरफेस पार्किंग विस्तार को ₹39.52 लाख मंजूर
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में शासन से एक और सौगात मिली है। लोहाघाट में यातायात दबाव कम करने और पर्यटकों-स्थानीय लोगों को सुविधा देने के लिए ऋषेश्वर पुल के पास निर्माणाधीन सरफेस पार्किंग के विस्तार को मंजूरी मिल गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन ने पार्किंग विस्तार हेतु ₹39.52 लाख की अतिरिक्त वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह प्रस्ताव कार्यदायी संस्था ‘उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, लोहाघाट’ ने तैयार कर शासन को भेजा था। विभागीय स्तर पर तकनीकी परीक्षण के बाद इसे औचित्यपूर्ण पाया गया और राज्यपाल की ओर से विधिवत स्वीकृति दी गई। स्वीकृत धनराशि कड़े प्रतिबंधों और विभागीय शर्तों के अधीन कार्यदायी संस्था के निवर्तन पर रखी जाएगी। डीएम ने कहा कि लोहाघाट नगर और खासकर ऋषेश्वर पुल के आसपास लगने वाले जाम से इस कार्य के पूरा होने पर बड़ी राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप चम्पावत को हर क्षेत्र में आदर्श बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। पार्किंग विस्तार से स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों को सुगम यातायात मिलेगा और लोहाघाट आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्माण कार्य समयबद्ध पूरा किया जाए।

