टनकपुर : गेंडाखाली में आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान, बाल-बाल बचे ग्रामीण
टनकपुर/चम्पावत। क्षेत्र के गेंडाखाली गांव में बुधवार शाम आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक आवासीय मकान को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे हल्की बारिश के दौरान गेंडाखाली नंबर-3 निवासी कुलदीप चंद्र के मकान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली मकान की छत पर रखी पानी की टंकी के पास गिरी, जिससे हुए जोरदार धमाके की आवाज सुनकर घर में मौजूद लोग सहम गए और आसपास के ग्रामीण भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का लिंटर फट गया और उसमें बड़ा गड्ढा बन गया, जबकि मकान की दीवारों में भी कई जगह गहरी दरारें पड़ गईं। इसके साथ ही, बिजली के तारों में आग लगने से घर की पूरी विद्युत लाइन और अंदर रखे कई कीमती विद्युत उपकरण जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये की क्षति होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


