शारदा नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन श्रद्धालुओं की बची जान, जल पुलिस ने समय रहते किया रेस्क्यू
टनकपुर/चम्पावत। मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बुधवार दोपहर शारदा स्नान घाट पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में फंसे एक ही परिवार के तीन लोगों को टनकपुर जल पुलिस के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जल पुलिस की सतर्कता और साहसिक रेस्क्यू अभियान से तीन जिंदगियां बच गईं।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे ललिता (22 वर्ष), पुत्री तेजराम, निवासी ग्राम डांडा ककनई, जनपद चम्पावत मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद शारदा स्नान घाट पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बेटी को बचाने के लिए उसके माता-पिता भी नदी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे भी फंस गए। कुछ ही क्षणों में तीनों की जान खतरे में पड़ गई और घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनते ही टनकपुर जल पुलिस के गोताखोर रविंद्र सिंह (पहलवान) और राकेश गिरी बिना देर किए शारदा नदी में कूद पड़े। दोनों जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद तीनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जल पुलिस के जवानों की बहादुरी, त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की जमकर सराहना की।
गौरतलब है कि टनकपुर जल पुलिस की टीम लगातार शारदा नदी क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही है। डूबते लोगों को सुरक्षित बचाने से लेकर आपात स्थितियों में तत्काल राहत पहुंचाने तक जल पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, जिसके चलते उनकी कार्यशैली की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

