चम्पावत जिले का युवक फौजी वर्दी पहन Instagram पर बना ‘पैरा SF मेजर’, AI से फोटो बदलकर युवतियों को रिझाने की कोशिश; SOG ने दबोचा
हल्द्वानी/चम्पावत। सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के लिए एक युवक ने खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर फर्जी पहचान का सहारा लिया। फौजी वर्दी में तस्वीरें, फर्जी Army ID और Artificial Intelligence (AI) की मदद से तैयार की गई मॉर्डिफाइड फोटो Instagram पर अपलोड कर सेना के अधिकारी की पहचान प्रदर्शित करने वाले चम्पावत के पाटी क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवक को नैनीताल SOG ने हल्द्वानी से गिरफ्तार किया है।
1 सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारी/कर्मचारियों ने एसओजी कार्यालय हल्द्वानी में सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नामक व्यक्ति Instagram सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी में विभिन्न फोटो एवं फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। सूचना की जांच में उक्त व्यक्ति का भारतीय सेना में कोई रिकॉर्ड नहीं पाया गया। शिकायत मिलने के बाद नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले की जांच के निर्देश दिए। एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में गठित टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। लोकेशन के आधार पर पता चला कि रोहित सिंह मेहता हल्द्वानी के गोरापड़ाव स्थित BIRLA OPUS PAINT के गोदाम में कार्यरत है।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली फोटो प्राप्त की थीं और Artificial Intelligence/Google Gemini की सहायता से उनमें बदलाव कर अपनी मॉर्डिफाइड फोटो तैयार कीं। इसके बाद इन तस्वीरों को Instagram पर अपलोड कर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रोहित ने बताया कि ऐसा करने का उद्देश्य सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था। एसओजी टीम ने आरोपित के मोबाइल फोन की भी जांच की, जिसमें भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो के साथ फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card मिला।
पुलिस के अनुसार आरोपित रोहित सिंह मेहता (20) निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी के पास से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक पैन कार्ड भी बरामद किया गया है। भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने एवं धोखाधड़ी के आरोप में आरोपित के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 168, 318(3) और 319(2) के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही बीएनएस की धारा 35(3) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में नैनीताल एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत एवं त्रिलोक सिंह तथा कांस्टेबल अशोक सिंह रावत और भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।

