नवीनतमनैनीतालराजनीति

हल्द्वानी कोतवाली के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक हिरासत में

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हल्द्वानी कोतवाली के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुकदमा वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विशाल भोजक को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।

यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना अपराध है तो सभी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

Ad Ad

रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण मामले को भी उठाया। उन्होंने शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि एक ओर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि दूसरी ओर शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने इसे एकतरफा कार्रवाई करार देते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

विशाल भोजक को पुलिस ने हिरासत में लिया

धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध और तेज कर दिया तथा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। इस दौरान कोतवाली परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहा।

यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने और रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और पुलिस-प्रशासन के बीच सियासी टकराव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।