चंपावतटनकपुरनवीनतम

खड़गे की सभा के बाद मैदान शुद्धिकरण के विरोध में यूथ कांग्रेस ने टनकपुर में फूंका भाजपा का पुतला

ख़बर शेयर करें -

यूथ कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया दलित विरोधी मानसिकता का आरोप, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

टनकपुर/चम्पावत। हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित तौर पर किए गए मैदान शुद्धिकरण के विरोध में सोमवार को टनकपुर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस चम्पावत के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सामाजिक समरसता एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।

यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष सूरज मिश्रा ने कहा कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद मैदान को शुद्ध करने जैसी मानसिकता समाज में जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना के लिए संघर्ष करती आई है और ऐसी भेदभावपूर्ण सोच का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।

Ad Ad

यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव कार्यकारिणी विनोद सिंह बडेला ने कहा कि देश को जोड़ने की जरूरत है, न कि जाति और छुआछूत की मानसिकता को बढ़ावा देने की। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होनी चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी वर्ग या समुदाय के प्रति भेदभावपूर्ण व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित मैदान शुद्धिकरण की घटना पर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।
पुतला दहन कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव विनोद सिंह बडेला, सौरभ गिरी, साहिल गिरी, रूपेश सक्सेना, नगर अध्यक्ष श्याम सक्सेना, सेवादल से ईश्वरी प्रसाद, इरशाद, प्रदेश सचिव सतीश पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष यूथ कांग्रेस आदिल, बच्ची महर, पान सिंह रावत, अदनान, अमन, आकाश, हरीश, ध्यान सिंह, सुमित सहित यूथ कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।