बनबसा में 2,770 नशीले कैप्सूल-टैबलेट बरामद, एक गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार सीज
पीलीभीत के डिस्ट्रीब्यूटर से दवाएं खरीदने की बात आई सामने
चम्पावत। चम्पावत जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत बनबसा पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में बरेली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,770 कैप्सूल और टैबलेट, चार हजार रुपये नकद व एक मोबाइल फोन बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दवाओं की आड़ में कुमाऊं क्षेत्र में नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को बनबसा पुलिस टीम धनुषपुल चौकी के पूर्वी छोर पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खटीमा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या UK06BD5048 को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक के पास मौजूद लाल-सफेद बैग से नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने चालक विक्रम सिंह (35) पुत्र पूरन लाल, निवासी ग्राम महोलिया, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रामाडोल समेत प्रतिबंधित श्रेणी की दवाएं बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक हर्षिता ने मौके पर बरामद दवाओं की तकनीकी जांच कर उनकी पहचान की। पुलिस के अनुसार, बरामद दवाओं में ट्रामाडोल सहित एनडीपीएस अधिनियम के तहत नियंत्रित श्रेणी में आने वाली दवाएं शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी का विवरण देते हुए बताया कि आरोपी के पास से डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल और एसिटामिनोफेन युक्त 1,680 कैप्सूल, प्रेगाबालिन 300 मिलीग्राम के 790 कैप्सूल तथा टैपेंटाडोल 100 मिलीग्राम की 300 टैबलेट बरामद हुई हैं। इसके अलावा चार हजार रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी मिला है।
पीलीभीत के डिस्ट्रीब्यूटर से दवाएं खरीदने का दावा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुद को डी-फार्मा धारक बताते हुए कुमाऊं क्षेत्र में दवाओं की आड़ में नशीली गोलियों की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ये दवाएं पीलीभीत निवासी मोहम्मद कामरान नाम के डिस्ट्रीब्यूटर से खरीदी थीं। पुलिस अब दवाओं की खरीद-फरोख्त और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में थाना बनबसा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम में बनबसा थानाध्यक्ष विनय मित्तल, उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल पंकज सजवान शामिल रहे। औषधि निरीक्षक हर्षिता ने बरामद दवाओं की पहचान में सहयोग किया। चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशीले पदार्थों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।

