टनकपुर में 9.63 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं नशा तस्करी के दो मामले
टनकपुर/चम्पावत। ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.63 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशे की तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए चम्पावत पुलिस की ओर से जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए हैं। इसी क्रम में 30 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टनकपुर चेतन रावत के निर्देशन में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान मनिहारगोठ लोहे के पुल से करीब 300 मीटर पहले पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान गौरव कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र राम सजीवन, निवासी वार्ड नंबर-3 टनकपुर, उम्र 38 वर्ष के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही स्मैक के परिवहन में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UK 06 BQ 3042 को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी नशा तस्करी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें FIR संख्या 32/2026 में धारा 8/21 NDPS Act तथा FIR संख्या 69/2025 में धारा 8/21/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर स्मैक की सप्लाई और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और हेड कांस्टेबल प्रकाश सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल 112 पर दें। पुलिस ने अपील की है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

