गाली देने से नाराज युवक का चढ़ा पारा, पत्थर से कुचलकर निर्मम कर दी हत्या

हल्द्वानी में मुखानी थाना क्षेत्र के जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा में शनिवार रात एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने हत्या के बाद खुद मृतक के परिजनों को यह बात बताई। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी प्रकाश वैरागी (23) शनिवार सुबह घर से मजदूरी पर निकला था। शाम 6 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा। रात करीब 10 बजे कॉलोनी में शोर होने पर प्रकाश के पिता वासु वैरागी व उनकी पत्नी घर से बाहर निकले तो पड़ोस में रहने वाला मोहित आर्या खून से लतपथ होकर उनके घर की ओर आ रहा था, तभी उन्हें देखकर बोला तुम्हारा लड़का बहुत गाली दे रहा था। मैंने उसे मार दिया है। परिजन दौड़कर गए तो पास में सड़क से नीचे खेत में प्रकाश लहूलुहान हालत में घायल पड़ा था। इसके बाद पड़ोसी ने पुलिस के हेल्पलाइन 112 को सूचना दी। जिसे एम्बुलेंस की मदद से एसटीएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। मृतक प्रकाश के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ दीपक बिष्ट ने बताया आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
