नैनीताल : केएमओयू की बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौके पर मौत, सात यात्री घायल
नैनीताल। नैनीताल जिले के नैनीताल-भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में केएमओयू की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर सात घायलों को अस्पताल भेजा। एक मृतक का शव पुलिस के हवाले किया।
पुलिस के मुताबिक जनपद नैनीताल के अंतर्गत भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में आज 27 मार्च 2026 को प्रातः एक सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से समय 07:27 बजे सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी, जिसमें चालक के अनुसार लगभग 15–16 यात्री सवार थे। एसडीआरएफ टीम द्वारा त्वरित एवं कुशलतापूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान 07 घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के उपरांत तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। दुर्भाग्यवश, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। टीम द्वारा अन्य यात्रियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया तथा घटनास्थल पर सर्चिंग की गई।
बस में कुल 14 लोग सवार थे। वाहन दुर्घटना में घायल व्यक्तियों में से कुछ को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी के आपातकालीन विभाग में भर्ती किया गया है। जिनका इलाज डॉ. अतुल सक्सेना द्वारा किया जा रहा है।
घायलों में शामिल लोग
1- मुकेश विश्वकर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी चौफला
2- रामवीर सिंह उम्र 62 वर्ष निवासी कासगंज
3- लेजम सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी कासगंज
4- कुंदन उम्र 32 वर्ष निवासी लमगडा अल्मोड़ा
5- ललित पोखरिया उम्र 36 वर्ष निवासी ओखलकाण्डा
6- श्रीमती आनंदी देवी उम्र 63 वर्ष निवासी पंचायत घर
सभी लोग खतरे से बाहर है!

