चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, बेकरी और पिज्जा सेंटर को चेतावनी नोटिस
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनरल स्टोर्स, बेकरी, फास्ट फूड और पिज्जा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिस्कुट और सूजी के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जबकि स्वच्छता में कमी मिलने पर एक पिज्जा सेंटर और एक बेकरी को चेतावनी नोटिस जारी किया गया।

चम्पावत। जनपद चम्पावत में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में टीम ने छतार और कलेक्ट्रेट रोड स्थित जनरल स्टोर्स, बेकरी, फास्ट फूड सेंटर और पिज्जा सेंटरों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता, गुणवत्ता और एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस एवं पंजीकरण की स्थिति की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभागीय टीम ने बिस्कुट और सूजी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने फास्ट फूड, पिज्जा सेंटर और बेकरी संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने, कर्मचारियों के लिए हेड कैप पहनना अनिवार्य करने, ढक्कनयुक्त डस्टबिन का उपयोग करने तथा उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का सुरक्षित तरीके से निर्माण और विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक पिज्जा सेंटर और एक बेकरी में खाद्य पदार्थों का रखरखाव एवं स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को एक सप्ताह के भीतर सुधार करने के लिए चेतावनी नोटिस जारी किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान के दौरान विभागीय सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।

