NH-09 पर आपदा सुधार कार्य पूर्ण, ऑरेंज अलर्ट के बीच भी दिन-रात सुचारू आवागमन
चम्पावत। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-09) पर मानसून के दौरान पत्थर और मलबा गिरने से उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं पर काफी हद तक विराम लगा है। क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से जारी ऑरेंज अलर्ट और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा एवं सुधार कार्यों के चलते मार्ग पर दिन और रात दोनों समय यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वर्षाकाल के दौरान इस संवेदनशील क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से पूर्व में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती रही है। इसे देखते हुए सुरक्षा एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व के वर्षों में आपदा की स्थिति में सुरक्षात्मक कारणों से रात्रि के समय यातायात को नियंत्रित अथवा प्रतिबंधित करना पड़ता था, लेकिन इस बार ऐसी स्थिति नहीं है और मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की निर्बाध आवाजाही बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मार्ग की सुरक्षा और सफाई का कार्य लगातार जारी है। सड़क के कुछ स्थानों पर मलबा जमा होने की स्थिति में उसे तत्काल हटाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन और संबंधित विभाग मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एवं सुधार कार्यों के साथ बेहतर निर्माण और रखरखाव के कारण NH-09 पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाया गया है। प्रतिकूल मौसम और बारिश के अलर्ट के बावजूद मार्ग पर दिन-रात यातायात जारी रहना क्षेत्र में ऑल-वेदर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

