Sunday, July 19, 2026
उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

बाजपुर में बायोटेक फैक्ट्री पर देर रात STF का बड़ा छापा, संदिग्ध दवाएं और 100 पेटी हरियाणा की शराब बरामद

ख़बर शेयर करें -

बाजपुर/उधमसिंह नगर। उधमसिंह नगर के बाजपुर में शनिवार देर रात एसटीएफ, ड्रग विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाईवे स्थित एक बायोटेक फैक्ट्री पर छापा मारा। कई घंटे चली जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध अंग्रेजी दवाएं और करीब 100 पेटी हरियाणा निर्मित शराब बरामद होने के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध दवाओं और संभावित अवैध नेटवर्क से जुड़ा माना जा रहा है।

संयुक्त टीम ने फैक्ट्री और गोदाम को अपने कब्जे में लेकर कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार और निधि शर्मा की मौजूदगी में दवाओं के स्टॉक, निर्माण रिकॉर्ड, बैच नंबर, लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की गई। प्रारंभिक जांच में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी दवाएं संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें कब्जे में ले लिया गया और फैक्ट्री को एहतियातन सील कर दिया गया।

Ad Ad

तलाशी के दौरान सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब गोदाम से करीब 100 पेटी हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुई। बायोटेक फैक्ट्री परिसर में शराब मिलने से जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गईं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि शराब वहां किस उद्देश्य से रखी गई थी और उसका फैक्ट्री के संचालन से क्या संबंध है। साथ ही अन्य नशीले पदार्थों की मौजूदगी को लेकर भी जांच जारी है।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, बिल और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का मिलान किया तथा कई रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। जांच का केंद्र इस बात पर है कि बरामद दवाएं वैध हैं, नकली हैं, एक्सपायरी हैं या बिना अनुमति के तैयार अथवा संग्रहित की गई थीं।

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां इस मामले को केवल संदिग्ध दवाओं या शराब तक सीमित नहीं मान रही हैं। इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं इसके पीछे दवाओं और अवैध शराब की सप्लाई से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। इस संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन जोशी, एसआई केजी मठपाल, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा, दोराहा पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित एसटीएफ, ड्रग विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। फिलहाल बरामद दवाओं और शराब के नमूनों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री नकली, अवैध या नियमों के विपरीत रखी गई थी या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।