देहरादून में बारिश बनी काल! नाली के पाइप में फंसे 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून के विकासनगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की खादर बस्ती में शनिवार शाम खेलते समय छह वर्षीय मासूम की नाली के पाइप में फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के दौरान बच्चा मस्जिद के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव के साथ नाली के करीब पहुंच गया और करीब 10 इंच के पाइप में फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
काफी देर की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था। उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने हाल ही में हुए सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क का ढाल अधिक होने और नालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी तेज गति से बहता है, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं, बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाईं ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान बच्चे खेल रहे थे और खेल-खेल में हुई लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चा बहकर नहीं आया था, बल्कि नादानी में पाइप में फंस गया। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
मॉनसून के दौरान इस तरह की घटनाएं अभिभावकों और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चेतावनी हैं। बारिश के समय बच्चों को जलभराव, नालियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रखना बेहद जरूरी है।

