नवीनतमनैनीतालराजनीति

हल्द्वानी में बीजेपी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति शुरू, नितिन नवीन के आगमन को लेकर उत्साह

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार से हल्द्वानी में शुरू हो गई। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचकर कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।

कार्यसमिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। बैठक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

Ad Ad

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

कार्यसमिति के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव, ‘विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव’ समेत संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के साथ ही आगामी चुनावों की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी।

सौरभ बहुगुणा बोले- कार्यकर्ताओं में आएगी नई ऊर्जा

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रदेश कार्यसमिति को संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में सामने आने वाली राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रणनीति तैयार होगी।

भविष्य की रणनीति पर व्यापक मंथन

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति के माध्यम से संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर व्यापक मंथन किया जाएगा। उन्होंने बैठक को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भी प्रदेश कार्यसमिति को संगठन की मजबूती के लिहाज से अहम बताया।

नितिन नवीन के संबोधन पर रहेगी नजर: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दोपहर बाद हल्द्वानी पहुंचने के बाद उनके संबोधन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में विशेष उत्सुकता है। माना जा रहा है कि उनके संबोधन में संगठन की आगामी दिशा, चुनावी तैयारियों और उत्तराखंड में पार्टी की राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण संदेश मिल सकता है।