बनबसा में दुकान की आड़ में नशीली दवाइयों का कारोबार, SOG ने आरोपी को दबोचा
बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत SOG चम्पावत और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने मीना बाजार क्षेत्र में एक बैग बिक्री एवं रिपेयरिंग की दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में नशीली दवाइयां और भारतीय-नेपाली मुद्रा बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी रेखा यादव के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, टीम को दुकान में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सुरागरसी-पतारसी और प्रभावी चेकिंग के बाद दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान से विभिन्न प्रकार की प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयां बरामद हुईं।

ये सामान हुआ बरामद
- Alprazolam Tablets: 126
- प्रतिबंधित Capsules: 67
- Proxy SPAS Capsules: 1,323
- V+ V Care Capsules: 100
- Codeine Syrup: 10 शीशी
- नेपाली मुद्रा: ₹30,700
- भारतीय मुद्रा: ₹9,060
बदायूं का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने मौके से बंटी सिंह पुत्र चिचेदर पाल, मूल निवासी इस्लामनगर, बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी फागपुर, थाना बनबसा, चम्पावत को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में FIR संख्या 68/2026, धारा 8/22/27 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना बनबसा में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था।
पीलीभीत-बरेली से लाकर बनबसा में बेचता था दवाइयां
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशीली दवाइयां पीलीभीत और बरेली से खरीदकर बनबसा क्षेत्र में भारतीय और नेपाली नागरिकों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस अब आरोपी से जुड़े सप्लाई नेटवर्क, दवाइयों के स्रोत और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
संयुक्त टीम में SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नईम कुरैशी, मो. नासिर, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, ललित कुमार, सूरज कुमार, उमेश राज और मनीष महरा शामिल रहे। चम्पावत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशीली दवाइयों की तस्करी, बिक्री अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना 1933 या 112 पर दी जा सकती है और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात पुलिस ने कही है।

