चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में पत्रकारों से कथित अभद्रता का मामला गरमाया, जिला पत्रकार संगठन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिला अस्पताल में पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। जिला पत्रकार संगठन ने जिलाधिकारी मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई और पत्रकारों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि पिछले कई सप्ताह से जिला चिकित्सालय चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इनमें अल्ट्रासाउंड सेवा प्रभावित होना, एमआरआई तकनीशियन की कमी, विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव, स्थानांतरण के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़े प्रभाव, मरीजों और तीमारदारों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा अस्पताल में मूलभूत संसाधनों की कमी जैसे मुद्दे शामिल हैं। संगठन का कहना है कि मीडिया लगातार इन जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाता रहा है।

Ad Ad

पत्रकार संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जनहित के इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए पत्रकारों पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। संगठन ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर जिला पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली, महामंत्री गिरीश बिष्ट, दिनेश भट्ट, राजीव मुरारी, जया पुनेठा, सूरी पंत, नंदू पांडेय, नवीन भट्ट सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।