उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी मंच शुद्धीकरण विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, SC/ST एक्ट भी लगा

ख़बर शेयर करें -

श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की तहरीर पर कार्रवाई, BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(Q) में केस; CO अमित कुमार सैनी को सौंपी गई विवेचना

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धीकरण को लेकर चल रहा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दी गई तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं ने राहुल गांधी पर अनुसूचित जाति के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(Q) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है।

बताया गया है कि श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के कार्यकर्ता विनोद कुमार आर्य और अमित कुमार ने राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी की ओर से अनुसूचित जाति के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक मंच से की गई कथित टिप्पणी और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयान से अनुसूचित जाति के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

Ad Ad

शुद्धीकरण को लेकर पहले से गरमाया हुआ है विवाद

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हुआ था। शुद्धीकरण कराने वाले पक्ष की ओर से धार्मिक परंपराओं के तहत मंच का शुद्धीकरण किए जाने की बात कही गई, जबकि कांग्रेस ने इस मामले को लेकर विरोध दर्ज कराया। दोनों पक्षों की बयानबाजी के बीच अब राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से विवाद और गहरा गया है।

शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा : एसएसपी

नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दलित समाज से आने वाले अमित नाम के व्यक्ति की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत में कहा गया था कि राहुल गांधी के बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस से शिकायतकर्ता तथा उनके समाज को चोट पहुंची है। एसएसपी के अनुसार, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मामले की विवेचना की जिम्मेदारी सीओ अमित कुमार सैनी को दी है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। मुकदमा दर्ज होना आरोपों के सही साबित होने का प्रमाण नहीं है; आरोपों की वास्तविकता विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।