मंदिरों में चंदा चोरी के आरोपों पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा, 2027 चुनाव में जवाब देने का दावा
चम्पावत में कांग्रेस की चौपाल, जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल बोले- भाजपा की कथनी और करनी में अंतर
चम्पावत। अयोध्या राम मंदिर, बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में चंदा चोरी के मामलों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। रविवार को चम्पावत में आयोजित कांग्रेस की चौपाल में पार्टी नेताओं ने इन मामलों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और भाजपा सरकार को घेरा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर भाजपा सनातन और हिंदुत्व की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके ही कार्यकर्ताओं पर लोगों की आस्था से जुड़े मंदिरों में चंदा चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए शर्मनाक करार दिया।
चिराग फर्त्याल ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में काफी अंतर है। उनके अनुसार उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता परेशान है और विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भाजपा की कथनी और करनी को उजागर करेंगे।

तानाशाही का लगाया आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार तानाशाही पर उतर आई है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब मंदिर भी इस तरह के विवादों से अछूते नहीं रहे हैं। कांग्रेस ने इन मामलों का पुरजोर विरोध करने की बात कही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि जनता इन मुद्दों का जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।
चौपाल में पार्टी संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर भी मंथन किया गया। बैठक में नीरज कालाकोटी, बीएन शर्मा, अनिल कुमार, हरीश कालाकोटी, पवन ढेक, लालमणि भट्ट, लोकेश पांडे, नानू बोहरा, विमल पांडे, हेम तिवारी, अनंत शाह, हरीश राय, आशा देवी, आशीष बिष्ट, मनीष गहतोड़ी, धीरज सिंह, ओम प्रकाश जोशी, कमल सिंह समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

