चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : ऐश्वर्या भट्ट ने UKPCS परीक्षा में हासिल की सफलता, बनेंगी पुलिस उपाधीक्षक

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। “सपनों को सच करने के लिए केवल सपने देखना ही काफी नहीं होता, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए अथक परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है।” चम्पावत के छतार निवासी प्रतिभाशाली बेटी ऐश्वर्या भट्ट ने अपने प्रथम प्रयास में ही प्रतिष्ठित UKPCS परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस कठिन एवं अत्यंत प्रतिस्पर्धी परीक्षा में उन्होंने प्रदेश स्तर पर 11वीं रैंक हासिल की है तथा उनका चयन पुलिस उपाधीक्षक पद पर हुआ है। ऐश्वर्या भट्ट की यह सफलता उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है। उनकी उपलब्धि आज उत्तराखंड के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।

ऐश्वर्या की प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पिथौरागढ़ से हुई, जहां से उन्होंने अपनी प्रतिभा और लगन का परिचय देना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार से बी.ए.एम.एस. (B.A.M.S.) की डिग्री प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज, हरिद्वार से एम.डी. (कौमारभृत्य – आयुर्वेदिक बाल रोग विज्ञान) की उपाधि प्राप्त की और अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अर्जित किया।

Ad Ad

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया और अथक परिश्रम के बल पर उसे साकार कर दिखाया। प्रथम प्रयास में ही UKPCS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना उनकी असाधारण प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।

इस गौरवशाली उपलब्धि के पीछे उनके परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके पिता गिरीश चंद्र भट्ट एक मेहनती किसान हैं, जिन्होंने सदैव अपनी बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनकी माता गीता भट्ट, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (GUPS) डुंगरासेठी, चम्पावत में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं, ने शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के मूल्यों को उनके जीवन में स्थापित किया। उनके छौटे भाई देवम भट्ट, जो एएमडी (AMD), बेंगलुरु में ट्रेनी इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं, ने भी हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। ऐश्वर्या अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और भाई के निरंतर सहयोग, विश्वास और प्रेरणा को देती हैं।

आज ऐश्वर्या भट्ट की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरा चम्पावत गौरवान्वित है। क्षेत्र के लोग, शिक्षक, मित्र, शुभचिंतक तथा समाज के विभिन्न वर्ग उन्हें हार्दिक बधाइयाँ और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। ऐश्वर्या भट्ट की यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। उनकी जीवन यात्रा यह संदेश देती है कि लक्ष्य चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, यदि संकल्प मजबूत हो और मेहनत निरंतर हो, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है।

Ad Ad