देहरादूननवीनतमहादसा

देहरादून के मोहब्बेवाला में भीषण हादसा, दंपति और मां समेत चार की मौत

ख़बर शेयर करें -

दिल्ली हाईवे पर कार के ऊपर पलटा माल से भरा कंटेनर, छह साल का बच्चा गंभीर घायल

सहारनपुर से लौट रहा था परिवार, हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान

Ad Ad

देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को देहरादून-दिल्ली हाईवे पर मोहब्बेवाला चौक के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। प्लास्टिक के दाने से भरा तेज रफ्तार कंटेनर एक आई-20 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार दंपति और उनकी मां समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।

जानकारी के अनुसार हादसा चार नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे मोहब्बेवाला चौक के पास हुआ। सहारनपुर से देहरादून लौट रही आई-20 कार और कंटेनर की भिड़ंत के बाद कंटेनर कार के ऊपर पलट गया। कंटेनर में प्लास्टिक के दाने के कट्टे भरे हुए थे। भारी कंटेनर के कार पर पलटने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। देहरादून सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे कंट्रोल रूम को मोहब्बेवाला के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दंपति और मां की मौके पर मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (35), मां किरण कपूर (63) और छह साल का बेटा सवार थे। परिवार सहारनपुर से देहरादून लौट रहा था। हादसे में मिश्रेष कपूर, उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर और मां किरण कपूर की मौत हो गई। कार चालक नीरज ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। हादसे में मिश्रेष कपूर का छह वर्षीय बेटा घायल हो गया। उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

भीषण हादसे के बाद देहरादून-दिल्ली हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।