चम्पावत : जिलाधिकारी ने दिव्यांग को दिलाई त्वरित राहत, मौके पर ही शुरू कराई प्रमाण पत्र व आधार कार्ड की प्रक्रिया
जनता मिलन में 59 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, जिलाधिकारी ने त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की कुल 59 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पासम निवासी कैलाश चंद्र एवं ग्राम प्रधान राधिका देवी द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तत्काल टैंक मरम्मत एवं जलापूर्ति सुधार के निर्देश दिए। ग्राम त्यारसों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत अनियमित जलापूर्ति को पूरी तरह सुचारु रखने के भी निर्देश दिए गए। राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय आमनी में भूस्खलन की समस्या पर जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को आवश्यक एवं नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। ग्राम पंचायत मोस्टा बकोड़ा के जन्म से दृष्टिबाधित दिव्यांग केदार राम की शिकायत पर त्वरित पहल करते हुए जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को तत्काल जिला अस्पताल भेजकर उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कराई।





केशव राम की खतौनी में नाम संशोधन के प्रकरण पर उपजिलाधिकारी लोहाघाट को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में शोभा सूतेड़ी को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने तथा भवान सिंह की लंबित पेंशन को शीघ्र जारी करने हेतु समय-सीमा निर्धारित की गई। मदन सिंह द्वारा खटोली क्षेत्र में सिंचाई सुविधा हेतु चेक डैम निर्माण के प्रस्ताव पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त दीवान सिंह, अनिल जोशी, महेश सिंह बोरा, अमर नाथ एवं दीपक कुमार सहित अन्य नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में ₹54,000 की ठगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

