चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

संघर्ष, समर्पण और सफलता की मिसाल: चम्पावत के सपूत मेजर भुवन चंद्र शर्मा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, क्षेत्र में जश्न का माहौल

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद चम्पावत के लिए गौरव का क्षण आया है। ग्राम नीड़, देवरा के मूल निवासी एवं वर्तमान में कनलगांव वार्ड (निकट जीआईसी चम्पावत) , चम्पावत निवासी मेजर भुवन चंद्र शर्मा को भारतीय सेना में पदोन्नति देकर आज लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से अलंकृत किया गया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे जनपद में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है। वर्तमान में लेफ्टिनेंट कर्नल भुवन चंद्र शर्मा की तैनाती सेना छावनी, बरेली में है, जहां वे राष्ट्रसेवा के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

आज 8 जून 2026 को आयोजित भव्य पदोन्नति समारोह में सेना के वरिष्ठ कमांडर द्वारा उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल के रैंक एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए उनके परिवारजन भी समारोह में उपस्थित रहे। लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शहीद राहुल सिंह रैंसवाल राजकीय इंटर कॉलेज, चम्पावत से प्राप्त की। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और अथक परिश्रम से उन्होंने भारतीय सेना की कठिन चयन प्रक्रियाओं को पार किया। सैन्य सेवा में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

Ad Ad

सैन्य सेवाओं के साथ-साथ उन्होंने अंग्रेजी विषय में परास्नातक (एम.ए.) की उपाधि भी प्राप्त की है। यह उनकी शिक्षा के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना को दर्शाता है। उनके पिता जय दत्त शर्मा भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। भुवन चंद्र शर्मा ने परिवार की देशसेवा की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सिद्ध कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी उस व्यक्ति का मार्ग नहीं रोक सकतीं, जिसके भीतर लक्ष्य प्राप्ति का जुनून और राष्ट्रसेवा का जज्बा हो। उनकी इस उपलब्धि से न केवल भारतीय सेना का गौरव बढ़ा है, बल्कि चम्पावत जनपद एवं समूचे क्षेत्र का मान भी बढ़ा है। मित्रों, शुभचिंतकों एवं परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों ने इसे पूरे जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया है।

Ad