भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट का निधन, सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री वीरेंद्र सिंह बिष्ट के निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सिंह बिष्ट लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

वीरेंद्र सिंह बिष्ट उत्तराखंड भाजपा में वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे। उन्होंने संगठन में प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही राज्य सरकार में दर्जा राज्यमंत्री के रूप में भी दायित्व का निर्वहन किया। भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाने से पहले उनका राजनीतिक सफर कांग्रेस से जुड़ा रहा था। वह कांग्रेस में पदाधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थामा और संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए सक्रिय राजनीति में अपनी पहचान बनाई।

वीरेंद्र सिंह बिष्ट के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड के पूर्व प्रवक्ता एवं पूर्व दायित्वधारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट का निधन अत्यंत दुखद है। उनका निधन भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वीरेंद्र सिंह बिष्ट का राजनीतिक जीवन कांग्रेस और भाजपा, दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से जुड़ा रहा। कांग्रेस में पदाधिकारी के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने के बाद उन्होंने भाजपा में संगठनात्मक और सरकारी दायित्वों के जरिए अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन की सूचना से भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है। उनके निधन को पार्टी और उनके समर्थकों के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

