शेर सिंह के बाद अब एक और वर्दीधारी का वीडियो वायरल, पुलिस सेवा से इस्तीफे का दावा
देहरादून। निलंबित कांस्टेबल शेर सिंह के बाद अब पुलिस की वर्दी में एक और व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से उत्तराखंड पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीडियो में युवक खुद को पिथौरागढ़ में तैनात सिपाही अमित कुमार बताते हुए शेर सिंह के समर्थन में खुलकर सामने आया है।
वायरल वीडियो में युवक दावा करता है कि वह पुलिस सेवा से इस्तीफा देने जा रहा है। वह कहता है कि यदि शेर सिंह का एनकाउंटर किया गया तो उसका भी एनकाउंटर किया जाना चाहिए। वीडियो में युवक आरोप लगाता है कि दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन के दौरान युवाओं के साथ मारपीट हुई और शेर सिंह उनके समर्थन में खड़े हुए थे।
युवक आगे कहता है कि अब वह पुलिस की नौकरी नहीं करना चाहता और जल्द ही अपना इस्तीफा देगा। वीडियो के अंत में वह “जय भीम, जय भारत, जय भारत उत्तराखंड” के नारे भी लगाता है। इसी बीच सोशल मीडिया पर ‘शेर सिंह’ नाम की आईडी से अमित नाम के व्यक्ति का एक और वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में वह उत्तराखंड पुलिस कर्मियों के लिए 4600 ग्रेड पे की मांग उठाते हुए शेर सिंह के समर्थन का ऐलान करता है। साथ ही अगले दिन तक पुलिस सेवा से इस्तीफा देने की बात भी कहता है।
वायरल वीडियो में युवक के गले में पुलिस का पहचान पत्र (आई-कार्ड) का फीता भी दिखाई दे रहा है, जिससे प्रथम दृष्टया उसके पुलिसकर्मी होने का आभास होता है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों, संबंधित व्यक्ति की पहचान और उसके वास्तव में उत्तराखंड पुलिस का जवान होने की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस विभाग की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

