नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

पिथौरागढ़ में दो बाइकों की भिड़ंत, 20 वर्षीय धीरज की मौत; दो सैन्यकर्मी गंभीर

ख़बर शेयर करें -

रामलीला देखकर लौट रहा था युवक, बिण पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा; खटीमा के पास एंबुलेंस में तोड़ा दम, एक जवान को एयरलिफ्ट कर लखनऊ भेजे जाने की सूचना

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में रविवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 20 वर्षीय धीरज भट्ट की मौत हो गई, जबकि हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में भारतीय सेना की 12 कुमाऊं यूनिट में तैनात दो सैन्यकर्मी भी शामिल हैं। इनमें से एक जवान को गंभीर हालत में हेलीकॉप्टर से कमान अस्पताल, लखनऊ रेफर किए जाने की जानकारी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच बिण पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि कुमौड़ निवासी धीरज भट्ट अपने साथी केशव शर्मा के साथ बाइक संख्या UK05F-2396 से रामलीला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान 12 कुमाऊं यूनिट में तैनात 28 वर्षीय महिमन सिंह और 27 वर्षीय राजेश रावत बुलेट बाइक संख्या UK02A-2621 से पिथौरागढ़ नगर की ओर आ रहे थे। इसी बीच दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाए घायल, सैन्यकर्मी हायर सेंटर रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। एएसआई भुवन आर्या पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और चारों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों घायल सैन्यकर्मियों को सैन्य अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। इनमें से एक जवान को आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे को एयरलिफ्ट कर कमान अस्पताल, लखनऊ भेजे जाने की सूचना है।

खटीमा के पास एंबुलेंस में थमी धीरज की सांसें

हादसे में गंभीर रूप से घायल धीरज भट्ट को परिजन बेहतर उपचार की उम्मीद में बरेली ले जा रहे थे। लेकिन खटीमा के आसपास रास्ते में एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गई। 20 वर्षीय बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव लेकर पिथौरागढ़ लौटे, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आईटीबीपी में तैनात हैं धीरज के पिता

धीरज मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना विकासखंड के सिंगाली गांव का निवासी था। वर्तमान में उसका परिवार जाजरदेवल में रह रहा था। उसके पिता मनोज भट्ट भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग धारचूला में बताई गई है।

धीरज ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद एलएसएम परिसर में स्नातक में प्रवेश लिया था। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है। बच्चों की पढ़ाई के लिए उसकी मां जाजरदेवल में किराये के मकान में उनके साथ रहती थीं, जबकि पिता ड्यूटी के कारण घर से दूर तैनात हैं।

जिस उम्र में धीरज अपने भविष्य के सपने संवार रहा था, उसी उम्र में उसकी जिंदगी थम गई। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।