बिजली कटौती के विरोध में चम्पावत में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, राज्य सरकार का पुतला फूंका


चम्पावत। आठ से दस घंटे तक हो रही बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही राज्य सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने सरकार पर हर मोर्चे पर फेल होने का आरोप लगाया। शीघ्र बिजली कटौती बंद नहीं करने पर प्रदेश भर में आंदोलन करने की चेतावनी दी। सोमवार को जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। बाद में मोटर स्टेशन में राज्य सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर हर मोर्चे पर नाकाम रहने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज प्रदेश भर में हर दिन बिजली संकट गहरा रहा है। भाजपा सरकार की नीतियों के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि ऊर्जा प्रदेश होने के बाद भी बिजली संकट होने से साबित होता है कि भाजपा सरकार में सोच की कमी है। यही वजह है कि प्रदेश आज इस तरह के संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने शीघ्र कटौती खत्म नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। पुतला फूंकने वालों में उमेश खर्कवाल, भगीरथ भट्ट, डॉ. महेश ढेक, विकास साह, रोहित बिष्ट, हरीश चौधरी, प्रकाश बोहरा, अशोक कार्की, विमला माहरा, आशा देवी, बाला दत्त, दीपक तड़ागी, तारादत्त जोशी, विमला पुजारी, आशा देवी, सौरभ साह, चिराग फर्त्याल, जगदीश जोशी आदि शामिल रहे।

