नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी: डंपर की टक्कर से कांस्टेबल का हाथ कटा, हालत अत्यंत नाजुक

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। रुद्रपुर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बेलबाबा मंदिर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांस्टेबल का दाहिना हाथ शरीर से अलग होकर सड़क पर जा गिरा।

घायल पुलिसकर्मी की पहचान पुष्कर रौतेला के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी की टीपी नगर चौकी में तैनात हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल रौतेला सरकारी कार्य से फॉरेंसिक साइंस लैब गए थे। शाम को जब वे बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक डंपर ने कार को ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

Ad Ad


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में कांस्टेबल की पत्नी की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। वे अपने पति की स्थिति देख बेसुध हो गईं और बार-बार ऑपरेशन थिएटर में जाने की कोशिश करने लगीं, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल संभाला।
कांस्टेबल की गंभीर स्थिति को देखते हुए रुद्रपुर से न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को विशेष रूप से बुलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजुनाथ टीसी ने भी अस्पताल पहुँचकर डॉक्टरों से इलाज की पूरी जानकारी ली। फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी जान बचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad