चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

गोल्डन इंपैक्ट अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित लता गहतोड़ी व शिक्षक रवीश पचौली को डीएम ने दी बधाई

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। सामाजिक दायित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित लता गहतोड़ी एवं शिक्षक रवीश पचौली को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सोमवार को जिलाधिकारी ने लता गहतोड़ी को इंदौर की संस्था ‘2030 का भारत’ द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित Golden Impact Achiever Award 2026 के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

पाटी क्षेत्र की निवासी लता गहतोड़ी औपचारिक रूप से शिक्षक न होने के बावजूद सीमित संसाधनों वाले पर्वतीय क्षेत्र में स्थानीय बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाने का कार्य कर रही हैं। उनके इस प्रयास को सामाजिक दायित्व और संवेदनशीलता से जुड़ी पहल के रूप में सराहा गया है। संस्था ‘2030 का भारत’ की ओर से राजकीय जूनियर हाईस्कूल बिसारी के शिक्षक रवीश पचौली एवं शिक्षिका सुशीला जोशी के माध्यम से लता गहतोड़ी को यह सम्मान प्रदान किया गया।

Ad Ad

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिक्षक रवीश पचौली के प्रयासों की भी सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रवीश पचौली जैसे समर्पित शिक्षक और लता गहतोड़ी जैसी समाजसेवी प्रतिभाएं ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा की नई अलख जगा रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास पूरे जिले के लिए गौरव का विषय हैं तथा अन्य नागरिकों को भी निस्वार्थ भाव से शिक्षा और सामाजिक बदलाव के कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।