उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमहादसा

देहरादून-पांवटा साहिब फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, चर्चित यूट्यूबर-बाइक राइडर आस मोहम्मद उर्फ आशु की मौत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून-पांवटा साहिब फोरलेन हाईवे पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चर्चित यूट्यूबर और बाइक राइडर आस मोहम्मद उर्फ आशु की मौत हो गई। शेरपुर-कल्याणपुर और हिन्दूवाला क्षेत्र के पास तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद आशु को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डिवाइडर से टकराकर दूर जा गिरे

पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। आस मोहम्मद देहरादून की ओर से पांवटा साहिब की तरफ जा रहे थे। हिन्दूवाला के पास अचानक उनकी बाइक नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी। दुर्घटना के दौरान उनका हेलमेट सिर से निकल गया, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही सभावाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Ad Ad

करीब 9 लाख फॉलोअर्स, बाइकिंग वीडियो से बनाई पहचान

मृतक की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र मेहरबान, निवासी बढ़ेडी राजपूतान, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आशु प्रोफेशनल यूट्यूबर और बाइक राइडर थे। सोशल मीडिया पर उनके बाइकिंग और राइडिंग से जुड़े वीडियो काफी लोकप्रिय थे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 9 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। नई मोटरसाइकिलों, बाइकिंग और राइडिंग से जुड़े कंटेंट के कारण उन्होंने युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी।

नई बाइक लेकर लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार आशु नई मोटरसाइकिल लेने के लिए देहरादून गए थे और उसी बाइक से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 18 लाख रुपये की बाइक खरीदी थी। वहीं, हादसे से कुछ दिन पहले करीब 22 लाख रुपये की सुपरबाइक खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। बाइक राइडिंग उनका जुनून था और इसी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग देखते थे। लेकिन शुक्रवार को हाईवे पर हुआ हादसा उनके परिवार और प्रशंसकों के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा सदमा बन गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

सहसपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक किस वजह से अनियंत्रित हुई और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

कोतवाली सहसपुर प्रभारी प्रदीप सिंह रावत के मुताबिक, परिजनों को मौके पर बुलाकर आवश्यक जानकारी ली गई। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजनों के अनुरोध और एसडीएम की अनुमति से शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आशु की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिचितों, प्रशंसकों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। जिस बाइकिंग कंटेंट के जरिए उन्होंने लाखों लोगों के बीच पहचान बनाई, उसी सफर का अचानक इस तरह थम जाना उनके चाहने वालों के लिए बेहद दुखद और सदमे वाली खबर है।