चंपावतटनकपुरनवीनतम

तेज़ अंधड़ और बारिश से टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग पर गिरे पेड़, बिजली सेवा ठप, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। जनपद के मैदानी इलाके टनकपुर और पूर्णागिरी धाम क्षेत्र में आज 7 जून को दोपहर बाद आए तेज अंधड़ और भारी बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है, जिससे सामान्य जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान अंधड़ के कारण पूर्णागिरी धाम जा रही एक मैक्स जीप पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ की बड़ी टहनी टकराने से जीप के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि पूर्णागिरी मार्ग पर बूम वन चौकी के पास हुए इस हादसे में दैवीय कृपा से सभी श्रद्धालु बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया। इसके अलावा पूर्णागिरी धाम क्षेत्र में ही एक खड़ी बस पर भी पेड़ गिरने की खबर है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि मार्ग में जगह-जगह पेड़ गिरने के कारण टनकपुर-पूर्णागिरी सड़क पर आज दोपहर दो घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान वाहनों की आवाजाही ठप रही। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को काटकर मार्ग से हटाया, जिसके बाद ही इस मार्ग पर यातायात को दोबारा सुचारू किया जा सका। फायर स्टेशन प्रभारी अमर सिंह अधिकारी ने भी पुष्टि की है कि मार्ग से पेड़ों को हटाकर आवागमन सामान्य कर दिया गया है।इस अंधड़ का सबसे ज्यादा असर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर पड़ा है, जिससे पूर्णागिरी धाम क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बताया गया है कि आंधी-तूफान के कारण लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है और बिजली आपूर्ति के कल 8 जून तक सुचारू होने की उम्मीद है। हालांकि, मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जनरेटर के जरिए बिजली आपूर्ति का वैकल्पिक प्रबंध किया गया है। अंधड़ की रफ्तार इतनी तेज थी कि बूम मंदिर के पास एक घर की टिन से बनी छत भी उड़ गई। बताया गया है कि आधे घंटे तक चले इस अंधड़ ने हर तरफ तबाही मचाई। पूर्णागिरी मार्ग पर गैंडाखाली से भैरव मंदिर मार्ग के बीच ही 5 से अधिक जगहों पर पेड़ गिरे। वहीं, टनकपुर के मैदानी इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी के साथ आए तेज अंधड़ से व्यापक नुकसान हुआ है, जहां तुषार अस्पताल के पास भी पेड़ गिरने से मार्ग कुछ देर के लिए बाधित रहा।

Ad Ad
Ad Ad