उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून : 300 रुपये के लिए कर दिया जघन्य हत्याकांड, बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या

ख़बर शेयर करें -

प्लंबर ने 600 रुपये मांगे, मकान मालिक ने 300 देने की बात कही; पेचकस से किए वार, पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में हुए ट्रिपल मर्डर मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात की शुरुआत महज 300 रुपये के भुगतान को लेकर हुए विवाद से हुई। पुलिस ने आरोपी प्लंबर राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Ad Ad

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है और देहरादून के इंद्रेश नगर में रहता है। वह प्लंबिंग का काम करता था और अक्सर 80 वर्षीय रमेश कपूर के घर काम करने आता-जाता था। मंगलवार दोपहर काम पूरा करने के बाद राजकुमार ने रमेश कपूर से 600 रुपये मजदूरी मांगी। रमेश कपूर ने 300 रुपये देने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद राजकुमार गुस्से में वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस कपूर दंपती के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने पेचकस से रमेश कपूर और उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर सामने वाले घर में काम कर रही 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला वहां पहुंची। शीला पहले भी कपूर दंपती के घर काम कर चुकी थी और परिवार को जानती थी। आरोप है कि राजकुमार ने शीला पर भी पेचकस से कई वार किए और मौके से भाग निकला।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल रमेश कपूर, रजनी कपूर और शीला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से सोने की एक चेन भी बरामद हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच में शामिल की जा रही है। फुटेज में आरोपी को वारदात से पहले बुजुर्ग दंपती के घर की ओर जाते हुए देखा गया है।

मां की मौत से टूट गया बेटा

शीला की मौत की खबर मिलते ही उसका बेटा रामबालक बेसुध हो गया। परिजनों के मुताबिक, शीला सामने वाले घर में काम कर रही थी और चीख-पुकार सुनकर कपूर दंपती की मदद के लिए वहां पहुंची थी। बेटे ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या की वास्तविक परिस्थितियों, विवाद की पूरी वजह और बरामद सामान को लेकर पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।