उत्तराखण्डनवीनतमनैनीतालराजनीति

फोन टैपिंग विवाद: गैरसैंण में आत्मदाह की चेतावनी देने वाले हल्द्वानी विधायक ने वापस लिया बयान

ख़बर शेयर करें -

वीडियो संदेश जारी कर बोले विधायक- भावनाओं में बहकर कह दी थी बात, न्याय व्यवस्था और गोल्ज्यू देवता पर पूरा भरोसा

हल्द्वानी। फोन टैपिंग के आरोपों को लेकर गैरसैंण में आत्मदाह करने की बात कहकर चर्चा में आए हल्द्वानी के विधायक ने अब अपने बयान से कदम पीछे खींच लिए हैं। विधायक ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्होंने भावनाओं में बहकर आत्मदाह की बात कह दी थी, जो उन्हें नहीं कहनी चाहिए थी। उन्होंने अपने शब्द वापस लेते हुए न्याय व्यवस्था और गोल्ज्यू देवता व कोटगाड़ी देवी मैया के न्याय पर भरोसा जताया। विधायक ने अपने वीडियो संदेश में वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, भाई-बहनों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें जो समर्थन, सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास दिया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं।

Ad Ad

परिवार ने भी समझाया, भावनाओं में कही थी बात

विधायक ने स्वीकार किया कि बीते दिन वह भावनाओं में बह गए थे और इसी दौरान उन्होंने गैरसैंण जाकर आत्मदाह करने की बात कह दी। उनके मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने भी उन्हें समझाया कि उन्हें इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए था।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सस्ती लोकप्रियता हासिल करना नहीं है। इसी के चलते वह आत्मदाह संबंधी अपने बयान को वापस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और विश्वास है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।

फोन टैपिंग के आरोपों से गरमाया था मामला

गौरतलब है कि फोन टैपिंग किए जाने के आरोपों को लेकर विधायक ने विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण में आत्मदाह करने की बात कही थी। उनके इस बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई थी। अब विधायक के बयान वापस लेने के बाद फोन टैपिंग के आरोप और उनसे जुड़े घटनाक्रम पर निगाहें टिकी हैं। हालांकि, विधायक के ताजा वीडियो संदेश से उनके आरोपों का तथ्यात्मक रूप से निस्तारण नहीं होता। मामले में आगे की स्थिति संबंधित तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।