चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : जलभराव की समस्या से आक्रोशित वार्डवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण की जांच की मांग

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 11 में जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विष्णुपुरी ज्ञानखेड़ा जनहित संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने उपजिलाधिकारी (SDM) प्रमोद कुमार से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और जल निकासी बाधित करने वाले सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को बताया कि वार्ड नंबर 11 और रेलवे क्षेत्र वार्ड नंबर 4 के बीच एक मुख्य बरसाती नाला स्थित है। आरोप है कि नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा इस नाले को पाटकर सड़क का निर्माण करा दिया गया, जिससे क्षेत्र की जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। अब भारी बारिश के दौरान नालियों का गंदा पानी और कचरा ओवरफ्लो होकर सीधे लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे स्थानीय निवासियों को हर साल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Ad Ad

ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार नगर पालिका परिषद टनकपुर और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन के स्तर पर इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। समिति ने साफ तौर पर नाले पर हुए कथित अतिक्रमण को ही इस बाढ़ जैसी स्थिति का मुख्य कारण बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कराएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जलभराव की समस्या को दूर करने और कथित तौर पर बाधित की गई जल निकासी के मामले में जल्द ही आवश्यक और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में समिति के महामंत्री परमानंद जोशी, कमल पाटनी, पूजा शर्मा, खड़क सिंह बिष्ट, शरद कुमार कश्यप, भवान सिंह कुल्याल, पुष्पा, हरिशंकर, रजनी, दीपक जोशी, सीता, कुंवर पाल, दीपा रावत, घनश्याम भट्ट, निर्मला, ललित जोशी और मीना मेहता समेत भारी संख्या में वार्डवासी शामिल रहे।

Ad Ad