टनकपुर : डीएम ने किया तहसील का निरीक्षण, की लंबित वादों और आरसी मामलों की समीक्षा
अभिलेखों के रखरखाव में पारदर्शिता पर जोर, स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
टनकपुर/चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को टनकपुर तहसील का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने, लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण करने और आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अध्यक्ष राजस्व परिषद, मुख्य सचिव और आयुक्त कुमाऊं मंडल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किए गए निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले वादकारियों और आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

लंबित वादों और आरसी मामलों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही लंबित आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) मामलों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व परिषद के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने और अभिलेखों के रखरखाव में आवश्यक सावधानी बरतने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना जरूरी है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं
तहसील निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता से मिले और शिकायतों का प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण हो। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य सहित तहसील के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

