भीषण सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत
कार झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी है, दुर्गम स्थान होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही भारी दिक्कत
मसूरी। देहरादून जिले के मसूरी में हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। खाई बहुत दुर्गम थी। इस कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें पेश आईं। बताया जा रहा है कि कार सवार उत्तरकाशी से आ रहे थे।
मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरा है। घनी झाड़ियां और दुर्गम भू-भाग होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि खाई की गहराई अधिक होने और रास्ता बेहद कठिन होने के कारण अभी तक वाहन तक पहुंचना भी चुनौती बना हुआ था। एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मसूरी पुलिस ने बताया कि 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रातः समय 09:16 बजे थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड चौकी बार्लोगंज मसूरी क्षेत्र में तीव्र ढलान में एक छोटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF/फायर सर्विस तथा 108 एम्बुलेंस को सूचित किया गया जो मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एक मारुति सिलेरियो सफेद रंग DL5CS 4610 की कार रोड की ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने की वजह से तेजी से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। उससे पूर्व उनके द्वारा नजदीक की दुकान पर कुछ सामान खरीदा गया था। बातचीत में कार सवारों द्वारा उत्तरकाशी से आना बताया था। सामान लेकर जैसे ही कार में बैठे तो कार ढलान की तरफ सड़क पर तेजी से जाने लगी और फिर खाली प्लाट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई। जानकारी करने पर कार में सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत उम्र 19 वर्ष, सविता पत्नी धर्मवीर निवासी 322 A नेहरू नगर गाज़ियाबाद उम्र 48 वर्ष, संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली उम्र 46 वर्ष का सवार होना पाया गया। पुलिस के अनुसार इन चारों की मौत हो गई है। मौके पर SDRF/Fire टीम के साथ बचाव कार्य तेजी से किया।

