चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान की पहल, श्रेणी-1 ‘क’ और 6(2) की जमीनों के विनियमितीकरण की तैयारी

ख़बर शेयर करें -

सीएम धामी की घोषणा के बाद राजस्व विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश, पात्र लोगों को राहत मिलने की उम्मीद

चम्पावत। जिले में भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में प्रदेश में श्रेणी-1 ‘क’ के पट्टों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में श्रेणी-6 (2) की भूमि के विनियमितीकरण की कार्यवाही जल्द किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे संबंधित श्रेणियों की भूमि से जुड़े मामलों के निस्तारण की उम्मीद जगी है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 958/2026 के तहत इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से राजस्व विभाग को पत्र जारी किया गया है। इसमें घोषणा के क्रियान्वयन के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति से संबंधित शासनादेश जारी कर मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संबंधित श्रेणियों की भूमि से जुड़े प्रकरणों के समाधान की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, विनियमितीकरण का लाभ संबंधित नियमों और पात्रता के अनुसार ही मिल सकेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। भूमि संबंधी मामलों में शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पात्र लोगों को नियमानुसार लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करने और शासन की जनकल्याणकारी घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। संबंधित विभागों के समन्वय से भूमि संबंधी प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।