उधमसिंह नगरनवीनतम

रुद्रपुर में कार के पहिए के पास लावारिस मिली दो-तीन दिन की नवजात बच्ची, हायर सेंटर रेफर

ख़बर शेयर करें -

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, चौकी प्रभारी ने कपड़े, डायपर और दूध की कराई व्यवस्था

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में सिंह कॉलोनी स्थित चर्च के पास एक कार के पहिए के नजदीक दो से तीन दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, आदर्श चौकी प्रभारी प्रकाश पंत को नवजात बच्ची के लावारिस हालत में मिलने की सूचना मिली थी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सीओ विभव सैनी के निर्देश पर पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाकर उसके उपचार की व्यवस्था की।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस बीच आदर्श चौकी प्रभारी प्रकाश पंत का संवेदनशील मानवीय पक्ष भी सामने आया। उन्होंने नवजात की जरूरतों को देखते हुए उसके लिए नए कपड़े, डायपर और दूध की बोतल की व्यवस्था की। चौकी प्रभारी ने बताया कि बच्ची की मुस्कान देखकर उन्हें सुकून मिला और लगा कि उनकी ड्यूटी सार्थक हो गई। नवरात्र के दौरान सामने आई इस घटना ने नवजात बच्चियों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह रही कि बच्ची समय रहते पुलिस की नजर में आ गई। फिलहाल पुलिस बच्ची को लावारिस छोड़ने वाले की तलाश में जुटी है, वहीं उसके बेहतर उपचार और सुरक्षित संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।