उत्तराखण्डनवीनतमनैनीतालराजनीति

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज हल्द्वानी में, नितिन नवीन और सीएम धामी समेत कई नेता होंगे शामिल

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार को हल्द्वानी में शुरू होगी। रामपुर रोड स्थित एक होटल में सुबह 10 बजे से होने वाली बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को दिनभर हल्द्वानी में रहेंगे। वह सुबह 10:25 बजे प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाएंगे। दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे।

Ad Ad

प्रदेश प्रभारी और संगठन महामंत्री की मौजूदगी पर संशय

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार की मौजूदगी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से पत्रकार वार्ता के दौरान इस संबंध में सवाल किया गया था, लेकिन उन्होंने स्थिति स्पष्ट नहीं की। उन्होंने इतना जरूर कहा कि प्रदेश प्रभारी मौजूद रहेंगे। दरअसल, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में 18 अगस्त को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात समेत चुनावी राज्यों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की गई थी। हालांकि, उत्तराखंड के लिए नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति अब तक नहीं हुई है। वहीं, उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को 1 जून 2026 को राजस्थान में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दे दी गई थी। इसके बाद से उत्तराखंड में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश महामंत्री (संगठन), दोनों पद फिलहाल रिक्त हैं।

केंद्रीय नेतृत्व की नजरें कार्यसमिति पर

भाजपा संगठन में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। प्रदेश कार्यसमिति में उठने वाले राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों, प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात तथा संगठन की गतिविधियों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने में इन पदाधिकारियों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में यदि दोनों पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी में प्रदेश कार्यसमिति आयोजित होती है तो यह भाजपा के प्रदेश संगठन के लिहाज से असामान्य स्थिति होगी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी होती है या नहीं और उत्तराखंड संगठन को लेकर केंद्रीय नेतृत्व क्या संकेत देता है।