उत्तराखण्डचंपावतटनकपुरनवीनतम

कुंभ और चारधाम यात्रा को सुगम बनाने को 1000 नई बसें खरीदने की मांग, सीएम को ज्ञापन भेजा

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड में आगामी कुंभ मेले और चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावनाओं को देखते हुए राज्य की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग उठने लगी है। इसी क्रम में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजकर राज्य परिवहन बेड़े में 1000 नई बसों को शामिल करने का आग्रह किया है।

एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। वर्तमान संसाधन इस भारी दबाव को झेलने में सक्षम नहीं हैं। पाठक का तर्क है कि इन बसों का उपयोग केवल कुंभ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाद में इन्हें चारधाम यात्रा और राज्य के दुर्गम ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नियमित सेवा के लिए तैनात किया जा सकता है। नई बसों के आने से परिवहन विभाग को उन पुरानी और खटारा बसों से छुटकारा मिलेगा जो अक्सर बीच रास्ते में खराब होकर यात्रियों के लिए परेशानी और विभाग के लिए शर्मिंदगी का कारण बनती हैं। इस कदम से हजारों युवाओं को ड्राइवर और कंडक्टर के रूप में रोजगार मिलेगा और उत्तराखंड परिवहन निगम के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक ने उम्मीद जताई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।

Ad Ad
Ad Ad