चम्पावत : संवेदनशील क्षेत्र स्वाला सहित जनपद के अधिकांश मार्ग है पूर्णतः सुचारु
चम्पावत। जनपद में हो रही अत्यधिक वर्षा के कारण प्रभावित हुए यातायात को सुगम बनाने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और संवेदनशील है। जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा दिए गए त्वरित एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संबंधित कार्यदायी संस्थाओं तथा लोक निर्माण विभाग की तकनीकी टीमों ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की है। बाधित हुए सड़क मार्गो में युद्धस्तर पर अभियान चलाकर अधिकांश अवरुद्ध मार्गों से संचित मलबे व बोल्डर्स को साफ किया गया है। वर्तमान में संवेदनशील क्षेत्र स्वाला सहित जनपद के लगभग सभी मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग एवं अन्य संपर्क मार्ग समस्त प्रकार के हल्के व भारी वाहनों के आवागमन हेतु पूर्णतः सुरक्षित, निर्बाध और क्रियाशील हैं।


इसी क्रम में, वर्षा के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) लोहाघाट के क्षेत्रांतर्गत आने वाली गल्लागांव-देवलीमाफी सड़क डोबाभागू के समीप मलवा आने से अस्थाई रूप से बाधित हुई है। जिलाधिकारी के सख्त आदेशों के क्रम में संबंधित विभाग द्वारा उक्त संवेदनशील स्थल मशीनरी (जेसीबी) और मानव श्रम को तत्काल तैनात कर मार्ग मलवा हटाने का कार्य निरंतर संपादित किया जा रहा है। विभागीय अभियंतों द्वारा अवगत कराया गया है कि अवरोध हटाने का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है और कुछ ही समय के भीतर इस मार्ग को भी यातायात हेतु पूर्ण रूप से बहाल कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से संपूर्ण जनपद की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है ताकि आम जनमानस और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति का सामना न करना पड़े।

