जनार्दन चिलकोटी को मिला प्रतिष्ठित कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार, चम्पावत का बढ़ाया मान
राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित हुए चिलकोटी, चम्पावत के तीन अन्य साहित्यकारों ने भी किया प्रतिभाग
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में चम्पावत के साहित्यकार जनार्दन चिलकोटी को प्रतिष्ठित ‘जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। 14 एवं 15 नवंबर को अल्मोड़ा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान उनके साहित्यिक योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से चम्पावत जनपद का साहित्यिक गौरव बढ़ा है।

सम्मेलन में चम्पावत से कवि एवं साहित्यकार भूपेन्द्र देव ‘ताऊ’, प्रकाश जोशी ‘शूल’ तथा युवा कवि नितिन देव ने भी प्रतिभाग किया। जनपद के साहित्यकारों की इस सहभागिता ने राष्ट्रीय मंच पर चम्पावत की साहित्यिक और सांस्कृतिक उपस्थिति दर्ज कराई। दो दिवसीय सम्मेलन में कुमाउनी भाषा के संरक्षण, संवर्धन, साहित्यिक विकास और प्रचार-प्रसार को लेकर विभिन्न सत्रों में व्यापक मंथन हुआ। वक्ताओं ने कहा कि कुमाउनी महज संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों, लोकगाथाओं और ऐतिहासिक विरासत की पहचान है। नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने के लिए घर-परिवार से लेकर विद्यालयों और सामाजिक आयोजनों तक कुमाउनी के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

जनगणना में मातृभाषा कुमाउनी दर्ज कराने की अपील
सम्मेलन में आगामी जनगणना के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण अपील की गई। 16 नवंबर से प्रारंभ होने वाली स्वगणना प्रक्रिया में कुमाउनी भाषियों से मातृभाषा के रूप में ‘कुमाउनी’ का उल्लेख करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मातृभाषा की सही पहचान और अभिलेखीकरण भाषा के संरक्षण तथा भविष्य की भाषा संबंधी नीतियों के लिए महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, प्रो. अशोक कुमार पंत, पूर्व कुलपति नरेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. हयात सिंह रावत सहित अनेक विद्वान, कवि, साहित्यकार और भाषा प्रेमी मौजूद रहे।
सम्मेलन में साहित्यकारों ने कुमाउनी भाषा को साहित्यिक आयोजनों तक सीमित न रखकर शिक्षा, लेखन, डिजिटल माध्यमों और दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इसके लिए लोक साहित्य के संकलन, नए साहित्य के सृजन और सामाजिक जागरूकता को आवश्यक बताया गया।
जनार्दन चिलकोटी को मिले इस सम्मान और चम्पावत के अन्य साहित्यकारों की सक्रिय भागीदारी से जनपद के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जगत में हर्ष का माहौल है। सम्मेलन ने मातृभाषा के संरक्षण को प्रत्येक कुमाउनी भाषी का सामूहिक दायित्व बताते हुए भाषा के व्यापक उपयोग का संदेश दिया।

