छमानिया में आकार ले रहा खेलों का नया केंद्र, डीएम ने किया गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण
लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को छमानिया स्थित निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली।

करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हॉस्टल ब्लॉक, टाइप-2 एवं टाइप-3 आवासीय ब्लॉक, वॉलीबॉल एवं फुटबॉल ग्राउंड, मल्टीपर्पज हॉल सहित विभिन्न खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति के साथ ही आगामी कार्ययोजना की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सभी कार्य समयसीमा के भीतर चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों एवं अभियंताओं को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। यहां विकसित होने वाली आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों से बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर मिलेंगे। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, प्रोजेक्ट मैनेजर केशव महाराज सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता एवं संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।

